नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसपी अंकित जायसवाल सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि पिछले महीने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा 148 वाहनों पर PUC जांच के तहत कार्रवाई करते हुए 1.70 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। ब्लैक फिल्म लगे 82 वाहनों पर 41 हजार रुपये, बिना हेलमेट 1193 चालानों से 3.57 लाख रुपये, सीट बेल्ट उल्लंघन पर 3.25 लाख रुपये तथा नशे में वाहन चलाने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक, रेडियम पट्टी और स्पीड ब्रेकर मार्किंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही बस स्टैंड पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यात्री वाहनों की निर्धारित स्टॉपेज पर ही सवारी चढ़ाने-उतारने और निर्माणाधीन सड़कों में सुधार कार्य जल्द पूरा करने के आदेश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान जारी रखने पर भी जोर दिया गया।