नीमच टुडे न्यूज़ | कुकड़ेश्वर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए “जल गंगा संवर्धन अभियान” का शुभारंभ 19 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया था। यह अभियान 30 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसी क्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं परियोजना अधिकारी पराग जैन के मार्गदर्शन में नगर परिषद कुकड़ेश्वर में अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, नायब तहसीलदार नवीन छलोत्रे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। 25 मार्च को सहस्त्रमुखेश्वर महादेव तालाब पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पार्षदगण कलावती बाई, टीना बाई, कौशल्या बाई, शांति बाई, राजू मालवीय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं नगर परिषद कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जल संरक्षण, तालाबों के पुनर्जीवन और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। सभी ने अभियान को सफल बनाने और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।