नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के संगम तीर्थ बालाजी कुड़ी काना खेड़ा में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ आज 27 मार्च को कलश यात्रा के साथ होगा। श्री बालाजी कुड़ी मंदिर सेवा विकास समिति कानाखेड़ा, बिजलवास, बामनिया और रातडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह 8 बजे तीनों गांवों के मंदिरों से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा का आयोजन भी किया जा रहा है, जो 27 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 12:15 से 4:15 बजे तक चलेगा। कथा का वाचन भागवत आचार्य पंडित पुष्कर नागदा द्वारा किया जाएगा, जो वैदिक मंत्रों के साथ श्रद्धालुओं को ज्ञान अमृत प्रदान करेंगे। आयोजन का समापन 2 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ होगा। समिति द्वारा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।