किसानों को राहत की मांग: ऋण जमा करने की तारीख 30 अप्रैल तक बढ़ाने की अपील | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजू पाल ने किसानों को राहत देने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि सहकारी सोसाइटियों द्वारा किसानों को दिए गए बिना ब्याज ऋण की जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च निर्धारित की गई है, जिसके बाद 7 से 12 प्रतिशत तक ब्याज जोड़े जाने का प्रावधान है। वर्तमान परिस्थितियों में यह निर्णय किसानों के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला है। राजू पाल ने बताया कि सोयाबीन की फसल पीली मोजेक और अतिवृष्टि के कारण प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में खराब हो गई, जिससे किसानों को लागत तक नहीं मिल पाई। इसके बाद बोई गई चने की फसल भी पूरी तरह नहीं बिक पाई है और कई किसानों की फसल अभी खेतों में ही है। वहीं मंडियों में उचित भाव नहीं मिलने और एमएसपी पर गेहूं की खरीदी शुरू नहीं होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऋण जमा करने की तिथि बढ़ाकर 30 अप्रैल तक की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

Top