नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले की जावद तहसील में 28 मार्च से चार दिवसीय ‘प्राकृतिक खेती महायज्ञ’ का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें देशभर के किसानों का बड़ा जमावड़ा लगेगा। पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सखलेचा की पहल पर आयोजित इस निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर में पद्मश्री ‘कृषि ऋषि’ डॉ. सुभाष पालेकर किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाएंगे। 28 से 31 मार्च तक चलने वाले इस शिविर में ‘शून्य लागत प्राकृतिक खेती’ मॉडल पर विशेष जोर रहेगा, जिसमें एक देसी गाय के माध्यम से 10 से 15 एकड़ तक खेती करने की तकनीक बताई जाएगी। आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसानों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस शिविर में शामिल होने वाले किसानों के लिए आवास, भोजन और नाश्ते की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। विधायक सखलेचा ने क्षेत्र के किसानों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।