नीमच टुडे न्यूज़ | प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी और विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी अविवादित नामांतरण प्रकरण समय-सीमा से बाहर न जाए और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सभी आवेदन निर्धारित समय में ही निराकृत किए जाएं। बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, गेहूं उपार्जन की तैयारियों, उर्वरक वितरण तथा पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उर्वरक का वितरण ई-विकास प्रणाली और ई-टोकन के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गेहूं उपार्जन में पंजीकृत किसानों का सत्यापन और एफएक्यू मानक के अनुरूप खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने एमपीई-सेवा पोर्टल के प्रति आमजन को जागरूक करने और अप्रैल माह में समग्र ई-केवाईसी का कार्य अभियान चलाकर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में स्वामित्व योजना के तहत ग्राउंड ट्रुथिंग कार्य 10 अप्रैल तक पूरा करने पर भी जोर दिया गया। नीमच एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।