नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के खोर और जावद क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को सघन कार्रवाई करते हुए चार खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित फर्मों को नोटिस जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि मयंक इंटरप्राइजेज (विक्रम सीमेंट फैक्ट्री कैंटीन) से धनिया और दालों के नमूने लिए गए, वहीं महालक्ष्मी किराना स्टोर से चवला, मूंग, राजमा और काबुली चना के सैंपल लिए गए। जावद में मुकेश नमकीन और महेश किराना स्टोर से भी नमूने एकत्रित किए गए। निरीक्षण के दौरान कई जगह साफ-सफाई और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई, जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। अधिकारियों ने सभी संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।