आवरी माता मेले में शंकर लख्खा की भजन संध्या: आधी रात तक झूमे हजारों श्रद्धालु | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा में आयोजित 20वें आवरी माता मेले के अंतिम दिन गुरुवार की रात्रि सांस्कृतिक रंगमंच पर भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक शंकर लख्खा ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही उन्होंने “चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है” भजन प्रस्तुत किया, पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में झूम उठा और श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।

शंकर लख्खा ने “चीताखेड़ा में बैठी म्हारी मां भवानी आवरी”, “सांवरा मंडफिया वारा” और “मेहंदीपुर दरबार म्हाने अच्छो लागे रे” जैसे भजनों से माहौल को और भी भावविभोर कर दिया। हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु पंडाल में जगह न मिलने के बावजूद कार्यक्रम से जुड़े रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आवरी माता जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मेला समिति द्वारा अतिथियों का सम्मान दुपट्टा ओढ़ाकर किया गया। भजन संध्या ने पूरे मेले को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए।

Top