नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय रघुवंशी नायक समाज द्वारा शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिससे पूरा नीमच राममय हो उठा। देशभर की तरह नीमच में भी प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। दोपहर 12 बजे मंदिरों में आरती के साथ धार्मिक आयोजन शुरू हुए। शोभायात्रा की शुरुआत नीमच सिटी स्थित सांवरिया जी मंदिर से हुई, जहां पूजा-अर्चना के बाद बग्गी में सुसज्जित भगवान श्रीराम की प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया गया। यात्रा रोडवेज बस स्टैंड, बारादरी चौराहा, फव्वारा चौक, कमल चौक और पुस्तक बाजार होते हुए श्रीराम मंदिर पहुंची, जहां आरती और प्रसाद वितरण हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। आयोजन में समाज के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए, जिन्होंने भगवा ध्वज के साथ भक्ति और उत्साह का परिचय दिया।