रामनवमी पर नीमच सिटी में निकली भव्य श्रीराम शोभायात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर नीमच सिटी में बालाजी कुड़ी हनुमान मंदिर से विशाल श्रीराम शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों और “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा नगर राममय हो गया। शोभायात्रा का शुभारंभ भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। यह यात्रा बालाजी कुड़ी से प्रारंभ होकर कोर्ट मोहल्ला, माहेश्वरी मोहल्ला होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां आरती व प्रसाद वितरण किया गया।

यात्रा में सुसज्जित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बालाजी आर्ट द्वारा तैयार श्रीराम दरबार, हनुमानजी, गणेश रथ और राधा-कृष्ण महारास की झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। डीजे पर भजनों की धुन और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा और आरती कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया।

Top