जल गंगा संवर्धन अभियान 2026: ग्वालटोली तालाब पर जनसहयोग से श्रमदान, बदला स्वरूप | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शनिवार को ग्वालटोली तालाब पर स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नगरपालिका नीमच द्वारा आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने तालाब परिसर में श्रमदान कर सफाई कार्य किया। सामूहिक प्रयासों से तालाब का स्वरूप बदलता नजर आया।

कार्यक्रम में एसडीएम संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धार्वे, सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित पार्षदगण, सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे। श्रमदान के दौरान एकत्रित कचरे को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया गया। कलेक्टर ने तालाब के सौंदर्यीकरण और गहरीकरण कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश भी दिए। यह अभियान जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का प्रभावी उदाहरण बन रहा है।

Top