शतरंज से मोबाइल को मात, 50 से अधिक बच्चे सीख रहे रणनीति की चालें | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच टाउन हॉल स्थित शतरंज प्रशिक्षण कक्ष में डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन की पहल बच्चों के लिए बेहद प्रेरणादायक साबित हो रही है। 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 50 से अधिक बच्चे अब मोबाइल गेम और रील्स से दूर होकर शतरंज की बारीकियां सीख रहे हैं। इस खेल के माध्यम से उनमें धैर्य, एकाग्रता, निर्णय क्षमता और रणनीतिक सोच विकसित हो रही है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बच्चों को मोबाइल में व्यस्त देखकर यह पहल शुरू की, जिसे जिला प्रशासन का भी सहयोग मिला। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा प्रशिक्षण कक्ष और फर्नीचर उपलब्ध कराया गया, वहीं नगर पालिका अध्यक्षा स्वाति गौरव चोपड़ा का भी योगदान रहा। एसोसिएशन द्वारा टूर्नामेंट और FIDE स्तर का आयोजन कर प्रतिभाओं को मंच दिया गया। साथ ही ‘खेलो MP’ प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा गया। हर शनिवार-रविवार प्रशिक्षण जारी है।

Top