300 साल पुरानी ‘दर्शन बाण’ परंपरा में उमड़ी आस्था, हतुनिया में राम नवमी पर दिखा अद्भुत नजारा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के मनासा क्षेत्र के ग्राम हतुनिया में राम नवमी के पावन अवसर पर 300 वर्ष पुरानी ‘दर्शन बाण’ परंपरा एक बार फिर श्रद्धा और आस्था के साथ जीवंत हुई। सुबह 5 बजे से ही हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे और पूरा गांव ‘जय श्रीराम’ व ‘लक्ष्मण जी’ के जयकारों से गूंज उठा।विधि-विधान के साथ राम-लक्ष्मण दरबार में बाण चढ़ाने की परंपरा निभाई गई। इस अनूठी परंपरा में मामा-भांजे की जोड़ी द्वारा बाण चढ़ाया जाता है। इस बार तीन जोड़ियां निर्धारित थीं, जिनमें तीसरी जोड़ी के प्रयास से बाण आधे से अधिक ऊपर तक चढ़ा और श्रद्धालुओं को दर्शन हुए। हालांकि बाण पूरी तरह नहीं चढ़ पाया, जिसे ग्रामीणों ने किसी कमी का संकेत मानते हुए भविष्य में सुधार की बात कही। विशेष बात यह रही कि बाण चढ़ने के दौरान भगवान लक्ष्मण की प्रतिमा पर पसीना दिखाई दिया, जिसे श्रद्धालुओं ने आस्था का चमत्कार माना। यह संयोग करीब 20 वर्षों बाद देखने को मिला। राजस्थान सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व व्यवस्थाएं की गईं, एलईडी पर लाइव प्रसारण और ड्रोन से पुष्प वर्षा की गई। पूरे दिन गांव में चूल्हे नहीं जले, लोगों ने उपवास रखकर परंपरा निभाई।

Top