नीमच टुडे न्यूज़ | भोपाल/नीमच आम आदमी पार्टी के पेंशनर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बालचंद वर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 के क्रियान्वयन और उसके प्रभाव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे (NFHS-5) 2020-21 के आंकड़ों का हवाला देते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और श्रम भागीदारी में सुधार की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। श्री वर्मा ने कहा कि उस सर्वे में 23 प्रतिशत महिलाएं कम BMI, 54.7 प्रतिशत एनीमिया और महिलाओं की कम श्रम भागीदारी जैसे गंभीर आंकड़े सामने आए थे। उन्होंने पूछा कि योजना लागू होने के बाद इन संकेतकों में कितना सुधार हुआ है और सरकार ने इसके लिए क्या ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने मांग की कि पिछले तीन वर्षों में योजना के तहत हुए सुधारों, पात्रता और प्रभाव का विस्तृत डेटा सार्वजनिक किया जाए, ताकि योजना की वास्तविक सफलता का मूल्यांकन हो सके।