नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव का शंखनाद सकल जैन समाज नीमच के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ किया गया। इस श्रृंखला की शुरुआत रविवार को जैन कॉलोनी स्थित वर्धमान जैन स्थानक भवन में दोपहर 2 बजे धार्मिक तंबोला प्रतियोगिता से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कीर्ति मोड़ी ने नवकार मंत्र एवं नवकार गीत की प्रस्तुति दी, वहीं रेनू सुराणा ने भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र पर आधारित स्तवन प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
प्रश्न मंच का संयोजन निधि नाहर द्वारा किया गया, जिसमें 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और सभी को पुरस्कृत किया गया। धार्मिक तंबोला प्रतियोगिता का संयोजन आशा सांभर एवं सीमा चौधरी द्वारा किया गया, जिसमें 20 टीमों के माध्यम से प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुल 215 महिलाओं ने इस आयोजन में सहभागिता दर्ज कराई और विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की अध्यक्ष आशा सांभर, सचिव रेखा भामावत, कोषाध्यक्ष रेखा जैन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन को महावीर स्वामी के संदेश अहिंसा, शांति और सद्भाव का प्रतीक बताया गया।