नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव की श्रृंखला में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप “जिनागम” द्वारा बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 28 मार्च 2026 को दिगंबर जैन मांगलिक भवन में संपन्न हुई, जिसमें बच्चों ने धर्म, राष्ट्र और देशभक्ति पर आधारित आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिनागम ग्रुप के मनोज विनायका एवं सचिव अमन विनायका ने बताया कि प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया था—2 से 6 वर्ष, 7 से 12 वर्ष तथा 13 से 18 वर्ष तक।
इस प्रतियोगिता में समाज के कुल 75 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाशक्ति व कला कौशल से सभी को प्रभावित किया।निर्णायक की भूमिका अपूर्वा मंगल एवं श्रुति लाठी ने निभाई, जिन्होंने सभी चित्रों का अवलोकन कर प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं का चयन किया। विजेताओं को पुरस्कार 30 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान जिनागम ग्रुप की कार्यकारिणी एवं सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देना बताया गया। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।