नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच/रतलाम केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में अवैध अफीम और डोडाचूरा जब्त किया है। 25 से 27 मार्च 2026 के बीच हुई इन कार्रवाइयों में कुल 45.213 किलोग्राम अफीम और 105.020 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया, साथ ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक मुख्य आरोपी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।
पहले मामले में गरौठ-रावटी मार्ग पर एक आरोपी से 3.038 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। दूसरे मामले में रतलाम जिले के रणायरा गांव में छापेमारी कर 40.910 किलोग्राम अफीम और 59.100 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। तीसरे मामले में मंदसौर के मल्हारगढ़ क्षेत्र में कार से 45.920 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। वहीं चौथे मामले में मनासा क्षेत्र में 1.265 किलोग्राम अफीम के साथ एक आरोपी पकड़ा गया। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कार्रवाई की गई है। CBN द्वारा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।