नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर शहर के समग्र विकास को लेकर आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से पहले एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। मंदसौर विधानसभा के विधायक विपिन जैन ने नगर पालिका परिषद को पत्र लिखकर 11 अहम सुझाव प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने शहर की बुनियादी सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, पेयजल, सौंदर्यीकरण और प्रशासनिक सुधार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की मांग की है। प्रमुख सुझावों में शिवना नदी के सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र शुरू करने, महाराणा प्रताप चौराहा से पशुपतिनाथ मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण तथा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता शामिल है। इसके साथ ही कालाखेत क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने, पेयजल पाइपलाइन सुधार, वैध कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का विकास और उद्यानों के रखरखाव पर भी जोर दिया गया है। गांधीनगर सीवरेज कार्य की धीमी गति और नामांतरण कार्यों में देरी पर भी चिंता जताई गई है। विधायक ने कहा कि इन सुझावों को बजट में शामिल करने से शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।