जल गंगा संवर्धन अभियान में सभी विभाग कार्य योजना अनुसार करें कार्य प्रारंभ : सीईओ वैष्णव | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले में अभियान के तहत चिन्हित सभी कार्यों को जन सहयोग से शीघ्र प्रारंभ किया जाए। जिन कार्यों के लिए विभागीय बजट उपलब्ध है, उन्हें अविलंब शुरू किया जाए और पुराने कार्यों को 30 अप्रैल तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। सीईओ ने कहा कि सभी विभाग नियमित रूप से प्रगति की रिपोर्टिंग करें तथा कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। उन्होंने जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, वन, कृषि, उद्यानिकी, उद्योग, जन अभियान परिषद और पंचायत विभाग सहित सभी अमलों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही जन जागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान की ग्रेडिंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई और सेक्टरवार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। इधर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा अभियान के तहत स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और आशा कार्यकर्ताओं को पेयजल गुणवत्ता जांच के लिए एफटीके किट वितरित किए जा रहे हैं तथा उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

Top