नीमच टुडे न्यूज़ | जावद नीमच जिले के जावद में आयोजित ‘जहरमुक्त-जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण शिविर’ का मंगलवार, 31 मार्च को भव्य समापन होगा। कृषि उपज मंडी परिसर में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर किसानों को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर किसानों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सखलेचा की पहल पर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से आए किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाए गए। ‘कृषि ऋषि’ पद्मश्री डॉ. सुभाष पालेकर द्वारा जीरो बजट और जहरमुक्त खेती के मॉडल को विस्तार से समझाया गया। समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री किसानों का उत्साहवर्धन करेंगे और उन्हें रासायनिक खेती से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश देंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
