नीमच टुडे न्यूज़ | झाबुआ जनसामान्य के स्वास्थ्य को समर्पित संस्था आरोग्य भारती मालवा प्रांत का एक दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग झाबुआ में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में इंदौर एवं उज्जैन संभाग से आए करीब 150 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया रहीं, जबकि अध्यक्षता महामंडलेश्वर सुरेशानंद शास्त्री निपानिया गुरूजी ने की। इस अवसर पर मालवा प्रांत अध्यक्ष विष्णु सेन कछावा, कार्यकारी अध्यक्ष लोकेश जोशी, प्रांत संरक्षक डॉ. आर.के. वाजपेयी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभारी भोलानाथ जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में झाबुआ जिले के जनजातीय क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों का सम्मान भी किया गया। अपने संबोधन में मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में आरोग्य भारती महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वक्ताओं ने आयुर्वेद, वनौषधियों और व्यसनमुक्त जीवनशैली के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन वैभव सुराना एवं डॉ. आशीष जोशी ने किया। नीमच जिले से भी 14 सदस्यीय दल ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
