नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भोर की पहली किरण के साथ ही जिनशासन के मंत्रों की पावन गूंज से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। श्री मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय से भगवान महावीर स्वामी की भव्य शाही पालकी (वरघोड़ा) यात्रा गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई, जो जैन गली, बस स्टैंड और सदर बाजार होते हुए नगर भ्रमण पर निकली। भगवान महावीर के 2526वें जन्म कल्याणक के अवसर पर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी का स्वागत किया और “अहिंसा परमो धर्म” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। भगवान की प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार और दीप सज्जा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा के पश्चात उपाश्रय में गुणानुवाद सभा आयोजित हुई, जिसका संचालन गजेंद्र बोहरा ने किया। पाठशाला की बालिकाओं ने शासन गीत प्रस्तुत किया तथा शाश्वता झातरिया ने कविताओं के माध्यम से महावीर स्वामी के सिद्धांतों को प्रस्तुत किया। गुरुजी प्रिंस जैन ने महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह के संदेशों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में प्रभावना का वितरण किया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ प्राप्त किया। पूरा नगर दिनभर भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगा रहा।
