नीमच में रजत रथ पर विराजे प्रभु महावीर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सकल जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित इस पर्व पर सुबह प्रभात फेरी से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद भीड़भंजन पार्श्वनाथ मंदिर से प्रभु को रजत रथ में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मिडिल स्कूल मैदान स्थित भक्ति पंडाल पहुंची। रथ यात्रा में बैंड-बाजों के साथ भक्ति गीतों की मधुर धुन गूंजती रही। महिलाएं ध्वज लेकर चल रही थीं, वहीं नन्ही बालिकाओं ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया।

कई महिलाएं कलश एवं 14 सपनों के प्रतीक सिर पर धारण किए हुए श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हुईं। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा और जलसेवा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। भक्ति पंडाल में आयोजित धर्मसभा में साध्वी मृदु प्रिया श्रीजी, गुणरंजना श्रीजी एवं शिवम प्रिया श्रीजी ने महावीर स्वामी के अहिंसा, करुणा और अपरिग्रह के संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महावीर के सिद्धांत आज भी मानव जीवन के लिए मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में साधार्मिक वात्सल्य एवं सम्मान समारोह के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

Top