नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच क्षेत्र के काना खेड़ा, रातड़िया, बिजलवास बामणिया सहित आसपास के ग्रामीणों द्वारा बालाजी कुड़ी मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा महोत्सव में गोवर्धन पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। कथा पंडाल गोकुल धाम में तब्दील हो गया, जहां जैसे ही गोवर्धन पर्वत का प्रसंग आया, पूरा वातावरण “जय श्री कृष्ण” और “गोवर्धन महाराज की जय” के जयकारों से गूंज उठा। कथा के दौरान पंडित पुष्कर नागदा महाराज ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि स्नान से तन, गंगा स्नान से मन और दान से धन पवित्र होता है।
उन्होंने कहा कि दान करने से धन कम नहीं होता, बल्कि पुण्य में वृद्धि होती है। साथ ही उन्होंने निस्वार्थ भाव से जीवन जीने और सदैव अच्छे कर्म करने का संदेश दिया। कथा में भजनों की मधुर प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। “गोविंद गोकुल आयो” और “गोवर्धन महाराज” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। कन्हैया को भोग अर्पित कर आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।महोत्सव में प्रतिदिन दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं।
