नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के जावद में आयोजित चार दिवसीय जहर मुक्त जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन मंगलवार को हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है और कृषि के लिए बजट में 90 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को खेती में अपनाएं।कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, दिलीप सिंह परिहार, अनिरुद्ध मारू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस दौरान पद्मश्री सुभाष पालेकर ने प्राकृतिक खेती पर जोर देते हुए रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषि, डिजिटल शिक्षा और एआई तकनीक से जुड़े नवाचारों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। बताया गया कि जावद क्षेत्र में सैकड़ों विद्यार्थी एआई तकनीक सीखकर कृषि में उसका उपयोग कर रहे हैं। मीरो लैब्स की सुनीता गुप्ता ने एआई आधारित खेती से कम लागत में अधिक उत्पादन की संभावनाएं बताईं। समापन अवसर पर विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और नव नियुक्त पार्षदों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में जिले सहित अन्य राज्यों से आए बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।