नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर शहर के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात मिली है। विधानसभा क्षेत्र में खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा 13.26 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर हाल स्टेडियम निर्माण को स्वीकृति दी गई है। यह स्टेडियम हॉकी एस्ट्रो टर्फ के पास बनाया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।मंदसौर विधायक विपिन जैन ने बताया कि इस स्टेडियम के बनने से बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक और बास्केटबॉल जैसे खेलों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे स्थानीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को और निखार सकेंगे। लंबे समय से खिलाड़ी इनडोर स्टेडियम की मांग कर रहे थे। इसके अभाव में उन्हें अभ्यास के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। अब स्वीकृति मिलने से खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। विधायक ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और खेल मंत्री विश्वास सारंग का आभार जताया है।