नीमच कलेक्टोरेट में राष्ट्रगान-वंदे मातरम का सामूहिक गायन, स्कूलों में प्रवेशोत्सव आयोजित | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में बुधवार को कलेक्टोरेट परिसर में सामूहिक राष्ट्रगान, वंदे मातरम एवं मध्यप्रदेश गान का आयोजन किया गया। डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे एवं जिला शिक्षा अधिकारी एम.एस. मांगेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने इसमें सहभागिता की। कार्यक्रम के साथ ही अप्रैल माह के शासकीय कार्यों की शुरुआत भी की गई। इसी दिन “स्कूल चले हम” अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीआरपीएफ नीमच में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद वीरेन्द्र पाटीदार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा अब केवल किताबों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों के समग्र विकास का माध्यम बन चुकी है। प्राचार्य ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव ने विद्यालय को परिवार बताते हुए छात्रों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देने पर जोर दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में शिक्षक-स्टाफ एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

Top