नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जीरन में बुधवार को ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने दीप प्रज्वलन कर मां सरस्वती के पूजन के साथ किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर 52 विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिलें तथा सभी को पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।
जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष चौहान ने कहा कि आज के बेटे-बेटियां ही देश का भविष्य हैं। शासन का उद्देश्य है कि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई संसाधनों के अभाव में बाधित न हो। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा के माध्यम से ही अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं तथा शिक्षकों को पूरी निष्ठा से अध्यापन कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन प्रथुपालसिंह पंवार ने किया तथा आभार प्राचार्य भोपाल सिंह चौहान ने माना।
