हनुमान जयंती पर हरकियाखाल बालाजी मंदिर पहुंचे राज्यपाल, यज्ञ-हवन में दी आहुतियां | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच हनुमान जयंती के पावन अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल  थावरचंद गेहलोत गुरुवार को नीमच जिले के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन हरकियाखाल बालाजी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बालाजी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ-हवन में शामिल होकर मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दीं। उन्होंने पूर्णाहुति एवं महाआरती में भी सहभागिता की। इस अवसर पर नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। मंदिर समिति एवं पुजारियों द्वारा राज्यपाल का शाल-श्रीफल, साफा एवं बालाजी की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया। जिला प्रशासन ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अगवानी की। राज्यपाल श्री गेहलोत ने सभी को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।

Top