ग्वालटोली में बालाजी की भजन संध्या, भक्ति रस में झूमे श्रद्धालु | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ग्वालटोली स्थित सिटी फोर लाइन रोड पर दक्षिण मुखी एवं चमत्कारिक श्री विराट विराय मारुति नंदन बालाजी मंदिर में 20वां श्री हनुमान जन्मोत्सव दो दिवसीय आयोजन के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार रात मंदिर समिति द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भीलवाड़ा और नीमच के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रात्रि 8 बजे से शुरू हुई भजन संध्या में अभि-अनुज पारिक, मिताली मानसिंहका (भीलवाड़ा) एवं विनोद भैया (नीमच) ने मधुर संगीत के साथ एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।

भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते नजर आए इस अवसर पर बालाजी महाराज की प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर और पांडाल को फूलों, गुब्बारों एवं श्रीराम ध्वजों से सजाया गया। साथ ही राधा-कृष्ण और हनुमानजी की सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मंदिर के बाहर निर्माणाधीन सिटी फोर लाइन रोड पर पहली बार बेहतर व्यवस्थाओं के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से भक्तों को बालाजी महाराज के लाइव दर्शन भी कराए गए। भजन संध्या में ज्योत प्रज्वलन और पुष्प वर्षा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।

Top