नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जैन श्वेतांबर भीड़ भंजन पार्श्वनाथ मंदिर ट्रस्ट श्री संघ के तत्वावधान में आयोजित शाश्वती नवपद ओली के अंतर्गत धर्मसभा में साध्वी मुक्ति प्रिया श्री जी मसा ने कहा कि तपस्या के बिना आत्मा का कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि तप से पाप कर्मों की निर्जरा होती है और मन पवित्र बनता है। आयम्बिल तप शरीर को निरोगी रखने में सहायक है तथा नवकार मंत्र का निरंतर जाप जीवन में शांति देता है। साध्वी मृदु प्रिया श्री जी ने सम्यक ज्ञान, दर्शन और चरित्र को जीवन का आधार बताते हुए सदैव सत्य मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं साध्वी शिवम प्रिया श्री जी ने श्रीपाल-मयना सुंदरी के प्रसंग का उल्लेख कर तपस्या के महत्व को बताया। नवपद ओली के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन, पूजन एवं आयम्बिल तप जारी हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ प्राप्त किया।
