नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर अभियान तेज कर दिया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार 11 मई को स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित के निर्देश पर नगर पालिका अमले ने सड़क पर गंदगी फैलाने वाले व्यवसायियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक की उपस्थिति में फ्रूट मार्केट से जिला चिकित्सालय और एसपी कार्यालय के सामने तक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सड़क पर कचरा फैलाने वाले 10 व्यवसायियों के चालान बनाते हुए कुल 3100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, गोपाल नरवाले, अविनाश घेघट, ऋषि कलोसिया एवं दीपक गौहर द्वारा की गई। स्वास्थ्य अधिकारी श्री टांक ने बताया कि शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों और व्यवसायियों से कचरा सड़क या नालियों में न फेंककर कचरा वाहन में डालने की अपील की।