नीमच टुडे न्यूज़ | रतलाम जिले के मथुरी गांव के पास रिंग रोड किनारे रविवार सुबह एक पानी के पाइप में नवजात बालक जिंदा मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चे को एक बोरे के भीतर प्लास्टिक की थैली में रखकर छोड़ दिया गया था। खेत जा रहे किसान अंबाराम पाटीदार ने पाइप से रोने की आवाज सुनकर बोरा खोला तो उसमें नवजात जीवित मिला। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 को जानकारी दी। पुलिस ने नवजात को तत्काल मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट (एमसीएच) में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि बच्चे की नाल तक नहीं कटी थी, जिससे अंदेशा है कि जन्म के कुछ ही समय बाद उसे वहां छोड़ दिया गया। डीडी नगर थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है तथा अस्पतालों से जानकारी जुटाकर नवजात को छोड़ने वालों की तलाश में जुटी है।