नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस पर जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग की मौजूदगी में किया गया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे तक "दो बूंद जिंदगी की" पहुंचाने का आह्वान किया। जिलेभर में पहले दिन 200 से 250 पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वामी विवेकानंद शासकीय पीजी कॉलेज, नीमच की एनसीसी तथा 5 एमपी बटालियन एनसीसी मंदसौर के कैडेट्स भी स्वास्थ्य विभाग के साथ मैदान में उतरे और बूथों पर व्यवस्थाएं संभालने के साथ लोगों को जागरूक किया।
मुख्य बिंदु :
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
जिलेभर में 200 से 250 पोलियो बूथ बनाए गए।
0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है।
दूसरे और तीसरे दिन घर-घर जाकर छूटे बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
जिले में 1 लाख 4 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित।
स्वास्थ्य विभाग और एनसीसी कैडेट्स अभियान में संयुक्त रूप से सहयोग कर रहे हैं।