नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ईमानदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल नीमच बस स्टैंड पर देखने को मिली। अजमेर से ट्रेन द्वारा आए नाडूराम गुर्जर शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे गांधीसागर स्थित अपनी बुआजी के यहां मायरा लेकर जाने के लिए नीमच बस स्टैंड से बस पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान वे जल्दबाजी में अपना बैग बस स्टैंड पर ही भूल गए। बैग में करीब 5 से 6 तोला सोना, लगभग 500 ग्राम चांदी सहित अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। इसी बीच बस स्टैंड पर चाय का ठेला लगाने वाली बामनवाड़ी निवासी रेखा नायक की नजर बैग पर पड़ी। बैग में लाखों रुपए के जेवर होने के बावजूद उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित अपने पास रखा। जब नाडूराम गुर्जर के परिचित बैग की तलाश करते हुए वहां पहुंचे, तो रेखा नायक ने बिना किसी लालच के पूरा बैग उन्हें सौंप दिया। इसके बाद सभी लोग नीमच कैंट थाना पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में बैग उसके वास्तविक मालिक नाडूराम गुर्जर को सुपुर्द किया गया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर नाडूराम गुर्जर ने रेखा नायक की ईमानदारी की सराहना करते हुए उन्हें इनाम देकर सम्मानित किया। रेखा नायक की इस ईमानदारी की पूरे शहर में जमकर सराहना हो रही है।