नीमच टुडे न्यूज | विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू ने ग्राम भाटखेड़ी बुजुर्ग में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने की शपथ दिलाई। विधायक ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। वहीं समान नागरिक संहिता के अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की जनपरामर्श बैठक शनिवार 6 जून को जिला पंचायत सभाकक्ष नीमच में आयोजित होगी। समिति सदस्य प्रो. गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं बाल अधिकार समूहों सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे, जिन्हें शासन को भेजा जाएगा।