ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने सिंगोली के सोलर प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण, 500 मेगावाट से अधिक क्षमता की परियोजना परखी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने शुक्रवार को नीमच जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम बड़ी और कवई में स्थापित सोलर ऊर्जा परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा भी मौजूद रहे। मंत्री ने टाटा पॉवर और वारी एनर्जी द्वारा संचालित सोलर प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि टाटा पॉवर का 330 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट पूरी तरह कार्यशील है, जबकि वारी एनर्जी का 170 मेगावाट का प्लांट लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मंत्री ने शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देकर मध्यप्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। विश्व पर्यावरण दिवस पर मंत्री राकेश शुक्ला और विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Top