एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ, 21 जून तक एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज | विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झाबुआ जिले के देवझिरीपण्डा में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृहद पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। मंत्री भूरिया ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट ने बताया कि 21 जून तक जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पौधारोपण और संरक्षण की निगरानी ‘मेरी लाइफ’ एप के माध्यम से की जाएगी। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने भी प्रकृति संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया। वन विभाग के अनुसार जिले में वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Top