नवाचारों ने बदली शिक्षा की दिशा, ढोलपुरा के बच्चों ने रचे सफलता के नए कीर्तिमान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा में वर्षों से किए जा रहे शैक्षणिक नवाचार अब प्रेरणादायी परिणामों के रूप में सामने आ रहे हैं। प्रधानाध्यापक सिद्धूलाल पुरोहित के नेतृत्व में वर्ष 2018 से शुरू हुए नवाचारों, नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन, सामुदायिक सहभागिता और संस्कार आधारित गतिविधियों ने गांव की शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर बदल दी है। आज गांव के करीब 35 विद्यार्थी प्रदेश के उत्कृष्ट शासकीय शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं। इनमें 4 विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है, जबकि 28 विद्यार्थी सीएम राइज और उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वहीं 2 विद्यार्थी नीट और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। बाल गोपाल बैंक, माता-पिता पूजन दिवस, सांदीपनि पुरस्कार, प्रतिभा सम्मान और जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग जैसी पहल ने बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण विकसित किया है। यह विद्यालय आज ग्रामीण शिक्षा परिवर्तन का सफल मॉडल बनकर पूरे जिले के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया है।

Top