नीमच टुडे न्यूज़ | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे के दौरान राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया। जिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के विरोध में काले झंडे दिखाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री से शांतिपूर्ण तरीके से मिलकर जिले की विभिन्न समस्याओं पर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी। इसके विरोध में कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस का कहना है कि वे मुख्यमंत्री के समक्ष भादवामाता क्षेत्र के लंबित विकास कार्य, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, सीएम राइज स्कूल शुरू करने, खीमला प्लांट से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने सहित कई जनहित के मुद्दे उठाना चाहते थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उज्जैन में मुख्यमंत्री के परिवार पर लगे कथित भूमि घोटाले के आरोपों का भी उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोक दिया। मुख्यमंत्री के दौरे के बीच हुआ यह विरोध प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।