मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच को देंगे 1,554 करोड़ की 38 औद्योगिक परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को नीमच प्रवास के दौरान जिले को औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात देंगे। वे 1,553.98 करोड़ रुपये के निवेश वाली 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इनमें 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन तथा 8 इकाइयों का लोकार्पण शामिल है, जिनसे जिले में 3,201 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में एमपीआईडीसी की 15 और एमएसएमई विभाग की 23 परियोजनाएं शामिल हैं। सबसे बड़ी परियोजना धानुका बायोटेक की 1,247.71 करोड़ रुपये की सोलर टेम्पर्ड ग्लास निर्माण इकाई है, जिससे 1,690 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा टेक्सटाइल, बायो-सीएनजी, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, सीमेंट, प्लास्टिक और हर्बल उत्पादों से जुड़ी कई इकाइयों का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और विकसित मध्यप्रदेश के विजन पर भी संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम नीमच को औद्योगिक हब के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Top