सीएम ने किया नीमच सोलर पार्क और ग्रीनको परियोजना का एरियल सर्वे 11,470 करोड़ की परियोजना से प्रदेश को मिलेगी ऊर्जा और रोजगार की बड़ी सौगात | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नीमच के 500 मेगावाट सोलर पार्क और ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प स्टोरेज परियोजना का एरियल सर्वे कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की तकनीकी जानकारी और ऊर्जा उत्पादन क्षमता से अवगत कराया। करीब 11,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही 1920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पम्प स्टोरेज परियोजना देश की सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल है। इसकी ऊर्जा भंडारण क्षमता 10,326 मेगावाट प्रति घंटा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ हरित ऊर्जा उत्पादन को नई दिशा देगी। परियोजना में गांधीसागर जलाशय और खिमला के ऊपरी जलाशय का उपयोग आधुनिक पम्प स्टोरेज तकनीक से किया जाएगा, जिससे पानी का पुनः उपयोग संभव होगा और अतिरिक्त जल की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वर्तमान में निर्माण कार्य में प्रतिदिन तीन हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र में औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसर और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक माधव मारू, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Top