नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम बोरखेड़ी कला निवासी दिव्यांग किसान जगदीश पिता भंवरलाल ब्राह्मण ने अपनी पैतृक कृषि भूमि पर कब्जा, हिस्सेदारी से वंचित किए जाने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत कलेक्टर से की। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनकी पैतृक भूमि का आज तक न तो विधिवत बंटवारा हुआ और न ही सीमांकन कराया गया। इसके बावजूद उनके हिस्से की भूमि अन्य लोगों को विक्रय कर दी गई और अब उन्हें अपने ही खेत में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके भाई गौतमलाल, मुकेश, देवकरण तथा अशोक कुमार बागड़ी सहित अन्य लोग उन्हें खेती करने से रोकते हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पटवारी ने मिलीभगत कर रिकॉर्ड में गड़बड़ी की, जिससे उन्हें उनके अधिकार से वंचित होना पड़ा। जगदीश ने बताया कि वे स्वयं दिव्यांग हैं और उनका पुत्र भी दिव्यांग है, जिससे वे न्याय के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। पीड़ित ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर भूमि पर उनका वैधानिक कब्जा दिलाने, रिकॉर्ड दुरुस्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।