नीमच टुडे न्यूज़ | जावद जनपद क्षेत्र के ग्राम सेमली चंद्रावत से एक मार्मिक मामला सामने आया है, जहां अपने ही बेटे की प्रताड़ना से परेशान एक बुजुर्ग पिता न्याय की आस लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। पीड़ित ने आवेदन सौंपकर बताया कि उनका करीब 40 वर्षीय बेटा आए दिन गाली-गलौज करता है, मारपीट करता है और पूरे परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। बुजुर्ग का आरोप है कि बेटे ने घर पर कब्जा कर रखा है और उनकी पत्नी व बेटियों के साथ भी अभद्र व्यवहार करता है। उन्होंने बताया कि बढ़ती उम्र और बीमारी के कारण वे अपना बचाव करने में असमर्थ हैं, जिससे परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी बेटे के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।