ज़मीन के सीमांकन को लेकर जनसुनवाई में गूंजी किसान की आवाज तहसीलदार पर अभद्रता, धमकी और लापरवाही के गंभीर आरोप | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शहर निवासी किसान अरविंद रावत ने अपनी कृषि भूमि के सीमांकन को लेकर कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई। आवेदन में उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत अमावली, तहसील जीरन स्थित उनकी 1.78 हेक्टेयर कृषि भूमि के सीमांकन के लिए उन्होंने तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि उनकी भूमि का सीमांकन करने के बजाय आसपास की अन्य भूमियों का सीमांकन कर दिया गया। किसान का कहना है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति दर्ज कराई तो संबंधित तहसीलदार ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भविष्य में सीमांकन नहीं करने और विवाद में फंसाने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित तहसीलदार को नियमानुसार उनकी भूमि का सीमांकन कराने तथा उचित कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।

Top