चीता खेड़ा बस स्टैंड पर बेकाबू कार का कहर, खड़ी मोटरसाइकिलों को कुचलते हुए लोगों की भीड़ में घुसी, 14 घायल जिला अस्पताल में भर्ती |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़  | जिले के चीता खेड़ा बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। परमार चिकित्सालय के समीप करीब 11 बजे बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने काम से खड़े थे। इसी दौरान एक कार चालक कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार पहले वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को कुचलती हुई आगे बढ़ी और फिर लोगों की भीड़ में जा घुसी।अचानक हुए हादसे से बस स्टैंड क्षेत्र में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में करीब 14 लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ लोगों को फ्रैक्चर आया, जबकि अन्य के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें लगी हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया।घायलों में राजू, बादल, अली हुसैन, बगदीराम, सत्यनारायण, महेंद्र, इमरान, भूपेंद्र, दीपक, गोपाल, कन्हैयालाल, साबिर और रौनक सहित अन्य शामिल हैं। फिलहाल सभी का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Top