नीमच टुडे न्यूज़ | शहर के शासकीय पीजी कॉलेज के सामने गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने महिला मरीज को उदयपुर ले जा रही एंबुलेंस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय एंबुलेंस चालक राहुल बैरागी महिला मरीज को लेकर मंदसौर से उदयपुर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे पीछे से आई कार ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग खुल गए और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि एंबुलेंस में सवार महिला मरीज और अन्य लोग सुरक्षित रहे। एंबुलेंस क्षतिग्रस्त होने के कारण दूसरी एंबुलेंस बुलाकर मरीज को उदयपुर रवाना किया गया।हादसे के बाद कार चालक राम सिंह लोहार ने कथित रूप से नशे की हालत में सड़क पर लेटकर हंगामा और गाली-गलौज की। सूचना पर यशोधर्मन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को थाने ले गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा।