नीमच टुडे न्यूज़ | हरियाणा के रेवाड़ी निवासी महेश प्रजापति इन दिनों पूरे भारत की 40 हजार किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा पर हैं। यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर बुधवार को वे नीमच पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान महेश ने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि देशभर में साइकिल के माध्यम से लोगों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने महेश के साहस, समर्पण और सामाजिक सोच की सराहना करते हुए उनके अभियान की प्रशंसा की तथा सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महेश ने एसपी राजेश व्यास को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं, जिससे यह मुलाकात विशेष बन गई।