नीमच टुडे न्यूज़ | केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 95,400 अवैध मनःप्रभावी गोलियां और कैप्सूल जब्त किए हैं। यह कार्रवाई 29 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर राजस्थान के जालौर जिले के बागोड़ा–बिशनगढ़ मार्ग पर की गई। नीमच से भेजी गई सीबीएन की विशेष टीम ने गुजरात नंबर की एक सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें एनआरएक्स दवाइयों से भरे कई कार्टन बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर राजस्थान के बालोतरा जिले के ग्राम खंडाप स्थित उसके आवास पर भी छापा मारा गया, जहां से बड़ी मात्रा में मनःप्रभावी दवाइयां बरामद की गईं। जब्त दवाइयों में 31,200 अल्प्राजोलम, 30,400 ट्रामाडोल, 16,800 नाइट्राजेपाम, 5,200 बुप्रेनॉर्फिन तथा 11,800 अन्य टैबलेट और कैप्सूल शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। सीबीएन ने बताया कि इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके स्रोतों का पता लगाने के लिए जांच जारी है तथा "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।