नीमच टुडे न्यूज़ |मालवा बेल्ट के नीमच, मंदसौर और रतलाम जिलों में विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई शनिवार को पूरी की गई। तीनों जिलों के कुल 1040 प्रकरणों में बरामद करीब 115 टन मादक पदार्थ नष्ट किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 200 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है।नीमच जिले के नयागांव के समीप स्थित सीमेंट फैक्ट्री में शुक्रवार से शनिवार देर शाम तक अभियान चलाया गया। अलग-अलग पुलिस थानों द्वारा जब्त एमडी, डोडाचूरा, अफीम, चरस, गांजा, ब्राउन शुगर सहित अन्य नशीले पदार्थों को ट्रकों से फैक्ट्री लाया गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत बॉयलर में जलाकर नष्ट किया गया।प्रकरणों के अनुसार मंदसौर जिले के 600, नीमच के 300 और रतलाम के 140 मामलों में जब्त मादक पदार्थ इस कार्रवाई में शामिल रहे। पहले नीमच और रतलाम जिले का जब्त माल नष्ट किया गया, इसके बाद मंदसौर जिले के मादक पदार्थों का नष्टीकरण हुआ।पूरे अभियान के दौरान डीआईजी निमिष अग्रवाल, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कार्रवाई विशेष समिति की निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न हुई।